Attack On Sukhchain Singh: अमृतसर में GRP ASI सुखचैन सिंह पर हमले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; सीन री-क्रिएशन के दौरान चली गोली
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी बलजीत गोरी घायल, पाक-आधारित ISI हैंडलर से जुड़े मॉड्यूल की जांच में जुटी पुलिस
Attack On Sukhchain Singh: अमृतसर देहाती पुलिस ने राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के एएसआई (ASI) सुखचैन सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले को सुलझाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर (G.P.S. Bhullar) ने बताया कि पुलिस ने इस अंधे कत्ल के प्रयास (Blind Case) के मामले में 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या थी पूरी घटना?
आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 4 अक्टूबर की शाम लगभग 7:15 बजे जगदेव कलां के पास जीआरपी में तैनात एएसआई सुखचैन सिंह पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिससे गोली उनके हाथ/बांह में लगी। घटना के बाद से ही एसएसपी अमृतसर देहाती कंवरप्रीत सिंह चाहल के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। इलाका सुनसान होने और पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण यह मामला बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन तकनीकी और पेशेवर जांच के माध्यम से पुलिस ने केस को क्रैक कर लिया।

Sukhchain Singh: पाक आईएसआई (ISI) और विदेश बैठे हैंडलर्स का हाथ
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह पूरा मॉड्यूल पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन आईएसआई (ISI) और विदेशों में बैठे हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ सिमर (जो मोटरसाइकिल चला रहा था), बलजीत सिंह और मुख्य शूटर बलजीत सिंह उर्फ गोरी के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी बलजीत गोरी का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं, जिसमें मार्च महीने में हुए ग्रैनेड हमले का मामला भी शामिल है।
आरोपियों को पैसों का लालच देकर इस वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था।

Sukhchain Singh: सीन ऑफ क्राइम पर हाथापाई और गोलीबारी
घटना के सिलसिले में साक्ष्य जुटाने और भागने के रास्ते (Escape Route) की तस्दीक करने के लिए अजनाला पुलिस की टीम मुख्य शूटर बलजीत गोरी को क्राइम सीन पर लेकर पहुंची थी। जब पुलिस टीम गाड़ी से नीचे उतर रही थी, तो आरोपी बलजीत गोरी ने अचानक एक सब-इंस्पेक्टर का सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने का प्रयास किया।
पुलिस और आरोपी के बीच हुई गुत्थमगुत्था के दौरान दो गोलियां चलीं। पहली गोली पुलिस वाहन की छत को चीरते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली आरोपी बलजीत गोरी के पैर में जा लगी। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को तुरंत काबू कर लिया और इलाज के लिए अजनाला के अस्पताल में भर्ती कराया।
आईजी बॉर्डर रेंज ने अमृतसर देहाती पुलिस, डीएसपी अजनाला धर्मेंद्र कल्याण, सीआईए प्रभारी और अजनाला एसएचओ की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और समाज में शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
