जंडियाला गुरु के नवां पिंड में पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत; दोस्त घायल

डीएसपी जंडियाला बलजीत सिंह बोले- 8 राउंड फायरिंग, 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

अमृतसर के जंडियाला गुरु क्षेत्र के अधीन आते नवां पिंड में बीती रात पुरानी रंजिश को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गोली लगने से घायल हो गया। मृतक की पहचान जसपाल सिंह उर्फ कालू, पुत्र कुलदीप सिंह, के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान सोनी के रूप में हुई है, जिसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मृतक के भाई जसपाल सिंह ने बताया कि रात करीब 8:20 बजे उसका छोटा भाई जसपाल सिंह उर्फ कालू घर का सामान लेने के लिए दुकान पर गया था। सामान लेकर वापस लौटते समय कथित तौर पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने उसके सिर को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि जसपाल के साथ उसका पड़ोसी दोस्त सोनी भी मौजूद था। फायरिंग के दौरान उसे भी गोली लग गई। घायल सोनी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

2022 से चल रही रंजिश का आरोप

मृतक के भाई और भाभी सुनीता कौर ने आरोप लगाया कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2022 से विवाद चला आ रहा था। परिवार का दावा है कि वारदात से चार-पांच दिन पहले भी कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां दी थीं। परिजनों के मुताबिक घर के गेट पर भी हमला किया गया था और इस संबंध में पुलिस चौकी में शिकायत दी गई थी।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि गोलीबारी की घटना पुलिस चौकी के बेहद नजदीक हुई, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। परिजनों ने बलकार सिंह बब्बू, उसके बेटों, करण, वरुण, राहुल पुत्र हरजिंदर सिंह और प्रकाश सिंह सहित 7-8 लोगों पर हमले में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। परिवार ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

8 राउंड फायरिंग, 5 नामजद

डीएसपी जंडियाला बलजीत सिंह ने बताया कि घटना रात करीब 9 बजे हुई। प्रारंभिक जांच के अनुसार आपसी रंजिश और घरेलू विवाद के चलते कुल 8 राउंड फायरिंग हुई। इसमें जसपाल सिंह उर्फ कालू की मौत हुई, जबकि उसका दोस्त सोनी एक गोली लगने से घायल हुआ।

डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR नंबर 301 दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल हथियारों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल मामले की जांच आगे बढ़ रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.