प्रदेशीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
राज्यमंत्री एवं जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को दिलाई खेल भावना और अनुशासन की शपथ
Rampur: स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सींगनखेड़ा में आयोजित प्रदेशीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। इस दौरान अतिथियों का बैज एवं कैप पहनाकर स्वागत किया गया।
इसके बाद राज्यमंत्री एवं जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने हॉकी मैदान में पहुंचकर हॉकी स्टिक से गेंद पर प्रहार कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रही है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. नितिन मदान, संयुक्त शिक्षा निदेशक मुरादाबाद मंडल शिव लाल, जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
