Israel-India: इजरायल ने भारत से हमास को आतंकी संगठन घोषित करने की अपील, लश्कर-ए-तैयबा से बढ़ती नजदीकियों को बताया बड़ा खतरा
नई दिल्ली, 08 दिसंबर।पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन लंबे समय से भारत की सुरक्षा के लिए चुनौती बने हुए हैं। अब इनके संबंध मध्य-पूर्व के आतंकी नेटवर्क से और मजबूत होते नजर आ रहे हैं। इजरायल ने भारत को आधिकारिक रूप से सूचित किया है कि हमास, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के साथ गठजोड़ कर रहा है और यह भारत की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
इजरायल ने भारत से आग्रह किया है कि वह हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे। इजरायली विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यरूशलेम में पत्रकारों को बताया कि 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमलों के बाद इजरायल ने लश्कर-ए-तैयबा को आतंकी समूह घोषित किया था। अधिकारी ने कहा कि भारत भी हमास जैसे संगठनों पर प्रतिबंध लगाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत संदेश दे सकता है।
“भारत-इजरायल एक जैसे दुश्मनों का सामना कर रहे” — IDF
इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नदाव शोशानी ने कहा कि भारत जैसा बड़ा वैश्विक लोकतांत्रिक देश अगर हमास को आतंकी ग्रुप घोषित करता है, तो यह दुनिया भर में आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट और कड़े रुख का संकेत होगा।
उन्होंने दावा किया कि हमास और लश्कर-ए-तैयबा के बीच समन्वय तेजी से बढ़ रहा है। दोनों संगठनों के बीच स्थापित हो रहे लिंक न सिर्फ इजरायल बल्कि भारत सहित कई देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा हैं।
भारत के पड़ोसी देशों पर भी पड़ेगा असर
इजरायली सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यदि भारत हमास पर प्रतिबंध लगाता है, तो इसका असर बांग्लादेश, नेपाल, मालदीव जैसे पड़ोसी देशों की काउंटर टेरर पॉलिसी पर भी दिखाई देगा।
इजरायल का मानना है कि यह कदम आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक मोर्चा मजबूत करेगा और क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था में नई मजबूती आएगी।
