Youth Parliament Competition: ऐलनाबाद के मैहना खेड़ा स्कूल में कमिश्नर लेवल यूथ पार्लियामेंट का आयोजन, विद्यार्थियों ने संसद की कार्यप्रणाली का किया सजीव चित्रण

Youth Parliament Competition Ellenabad (डॉ. एमपी भार्गव): राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहना खेड़ा में सोमवार को हिसार कमिश्नर स्तर की यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) गुरुग्राम के तत्वावधान और डिंग डाइट के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संसद की कार्यप्रणाली का सजीव चित्रण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

युवा संसद के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, विपक्ष के नेता और मार्शल सहित संसद के विभिन्न पदों की भूमिकाएं निभाईं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विद्यार्थियों ने देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी और तार्किक बहस के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ का परिचय दिया।

NIFA Award: ऐलनाबाद के समाजसेवियों और रक्तदान शिविर आयोजकों को निफा ने किया सम्मानित, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिला सम्मान

Youth Parliament Competition: हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और जींद के स्कूलों ने लिया हिस्सा

इस कमिश्नर स्तरीय प्रतियोगिता में हिसार मंडल के चार जिलों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और जींद के उन विद्यालयों ने भाग लिया, जिन्होंने अपने-अपने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली विजेता टीम को सीधे राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

Youth Parliament Competition: शिक्षाविदों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन का किया अवलोकन

कार्यक्रम में मदीना, रोहतक डाइट से प्रवक्ता विकास कुमार पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। वहीं प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह और सुखवीर सिंह ने विशेष अवलोकनकर्ता के रूप में शिरकत की। इनके अलावा डिंग डाइट के यूआर बिग प्रभारी डॉ. अनिल बिश्नोई और डॉ. अनिल चावला भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति और उनके आत्मविश्वास की सराहना की।

Youth Parliament Competition: शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने की तैयारी

विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में विद्यालय की राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता सुमन रानी, इतिहास प्रवक्ता सुमन जाखड़, राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता हेमराज और प्रवक्ता सुरेश शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी तैयारी में सहयोग किया।

Youth Parliament Competition: युवा संसद से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता: प्राचार्य महेंद्र मेहता

विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र मेहता ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता और सार्वजनिक मंच पर अपनी बात प्रभावशाली ढंग से रखने का आत्मविश्वास विकसित होता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किताबी शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित सहगामी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

Youth Parliament Competition: ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ की रही मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्राचार्य महेंद्र मेहता, गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुभाष गरवा, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद्र, प्रवक्ता सुरजीत कस्वा, प्रतीक, मधुबाला, शशि वाला, द्रौपदी, संदीप, कृष्ण, रणजीत और प्रदीप सहित विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य तथा गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.