Nachiketan Public School: नचिकेतन पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय अभिभावक-शिक्षक बैठक का समापन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन
Nachiketan Public School (डॉ एम पी भार्गव): नचिकेतन पब्लिक स्कूल, ऐलनाबाद में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए दो दिवसीय अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक के पहले दिन 9 अक्टूबर 2026 को कक्षा नौवीं से बारहवीं तक तथा दूसरे दिन 10 अक्टूबर 2026 को नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों के साथ संवाद किया। बैठक के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, कक्षा में प्रदर्शन, नियमित उपस्थिति, गृहकार्य, अनुशासन और आगामी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की प्रगति से अवगत करवाया तथा उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं और सुधार के क्षेत्रों पर भी ध्यान आकर्षित किया।
Nachiketan Public School: बोर्ड परीक्षाओं की तैयारीयों पर विशेष चर्चा
अभिभावकों को सुझाव दिया गया कि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचियों, व्यवहार और मानसिक विकास पर भी ध्यान दें। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ हुई बैठक में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और भविष्य के शैक्षणिक लक्ष्यों पर विशेष चर्चा की गई। वहीं, नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बुनियादी शैक्षणिक कौशल, पढ़ने-लिखने की आदत, रचनात्मक गतिविधियों, अनुशासन और बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
यह भी पढ़ें- बीजेपी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था का किया बुरा हाल: चौधरी अभय सिंह चौटाला
बैठक के दौरान अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों की सफलता के लिए विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। शिक्षकों ने अभिभावकों के सुझावों को गंभीरता से सुना और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और बच्चों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर अपने विचार साझा किए।

Nachiketan Public School: दिनचर्या और पढ़ाई में नियमित सहयोग की अपील
विद्यालय के चेयरमैन निदेशक रणजीत सिंह सिद्धु, एडमिनिस्ट्रेटर अशोक कुमार मोहराना और प्राचार्य सत्य नारायण पारीक ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक बैठक शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन करने, उनकी कठिनाइयों को समझने और समय रहते उचित कदम उठाने में सहायता मिलती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को घर पर सकारात्मक वातावरण देने तथा उनकी दिनचर्या और पढ़ाई में नियमित सहयोग करने की अपील की। दोनों दिनों की बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना रहा। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी सहयोग और निरंतर संवाद से विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व का भी बेहतर विकास होगा।
