Electoral Roll Campaign 2026: मतदाता सूची में युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए घर-घर दस्तक देंगी आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियां

28 व 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष अभियान शिविर

Rampur Electoral Roll Campaign 2026: मतदाता सूची में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो में सुधार लाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। अब आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियां घर-घर जाकर ऐसे पात्र युवक-युवतियों एवं महिलाओं की पहचान करेंगी, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। विशेष रूप से 18-19 वर्ष के युवाओं, बालिकाओं और नवविवाहित महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी टांडा एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 35-चमरव्वा विधानसभा क्षेत्र कुमार गौरव ने विकासखंड सैदनगर एवं स्वार की आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों का प्रत्येक परिवार से सीधा संपर्क रहता है। ऐसे में उनकी भूमिका मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने में बेहद महत्वपूर्ण है।

Assembly Election Preparations: रामपुर में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश

उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यकत्रियां घर-घर जाकर ऐसे युवक-युवतियों को चिह्नित करें, जिनकी आयु एक जनवरी 2027 को 18 या 19 वर्ष हो रही है और अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इसके साथ ही बालिकाओं, नवविवाहित महिलाओं तथा दूसरे स्थानों से गांव में आकर रहने वाली बहुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाकर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

28 और 29 नवंबर को बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

उपजिलाधिकारी ने बताया कि 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में सभी बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करेंगे। नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता आदि में संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरे जाएंगे।
उन्होंने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों से कहा कि वे अभियान दिवस से पहले ही अपने क्षेत्र में पात्र नागरिकों की पहचान कर लें और उन्हें आवेदन के लिए मतदान केंद्र तक पहुंचने हेतु प्रेरित करें।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

उपजिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। नाम शामिल कराने अथवा अन्य संशोधन के लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in और Voter Helpline App के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। बैठक में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं नायब तहसीलदार टांडा विवेक कुमार शर्मा, खंड विकास अधिकारी सैदनगर, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.