Election Commissioner: मतदाता सूची में कोई पात्र नागरिक न छूटे, युवा और महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएं: निर्वाचन आयुक्त

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

Mirzapur Election Commissioner: भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त विवेक जोशी ने गुरुवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में बैठक कर निर्वाचन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रह जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपद में चल रहे निर्वाचन संबंधी कार्यों, विधानसभा क्षेत्रवार ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी दी। वहीं, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कानून-व्यवस्था की स्थिति से निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया।

Rampur News Today: रामपुर में प्रशासनिक गतिविधियां तेज, बाल कल्याण समिति की बैठक से लेकर EVM प्रदर्शन और मॉक ड्रिल की तैयारियों तक कई अहम निर्देश

निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में निर्वाचन कार्य से जुड़े प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें।

Election Commissioner: मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के निर्देश

उन्होंने निर्देश दिए कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष शिविर लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाया जाए और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक रूप से पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता बन सकें।

 mirzapur-election-commissioner-voter-list

 

जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेकर पात्र महिला मतदाताओं से फार्म-6 भरवाए जाएं। इसके साथ ही फार्म-8 के माध्यम से नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

Election Commissioner: बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण

उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदान कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की समस्या न आए। मतदान केंद्रों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि एक बूथ पर मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक न हो तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान कार्मिकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं।

 mirzapur-election-commissioner-voter-list

बैठक में संवेदनशील मतदान केंद्रों के चिन्हीकरण और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निर्वाचन आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समय-समय पर बैठक कर उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक पूनम, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विजेता, नमामि गंगे अधिकारी संगम लाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह सहित सभी आरओ, ईआरओ और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.