अब 24 जुलाई तक बीएलओ को जमा करवा सकते हैं गणना प्रपत्र

प्रारम्भिक मतदाता सूची 31 जुलाई को होगी प्रकाशित, इसके बाद 30 अगस्त तक कर सकेंगे दावे और आपत्तियां

ऐलनाबाद, 15 जुलाई (एम पी भार्गव): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 में गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा करवाने तथा डिजिटाइज करने की अवधि को 14 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई तक कर दी गई है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता प्रारम्भिक मतदाता सूची में शामिल होने अथवा अपने विवरण का सत्यापन कराने से वंचित न रहे।

विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार अब बूथ लेवल अधिकारी 24 जुलाई तक गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन का कार्य जारी रखेंगे और अपने-अपने मतदान क्षेत्रों के शेष पात्र मतदाताओं से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रारम्भिक मतदाता सूची 31 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी तथा दावें एवं आपत्तियों की अवधि तिथि 31 जुलाई से 30 अगस्त रहेगी।

वहीं मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन तीन अक्टूबर को किया जाएगा। उन्होंने शेष सभी मतदाताओं से अपील की कि जिन्होने अभी तक अपना गणना प्रपत्र वापिस बीएलओ को जमा नहीं कराया है, वे विस्तारित तिथि का लाभ उठाते हुए शीघ्र अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध कराएं अथवा निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन माध्यम से भी जमा करें।

उन्होंने बताया कि यदि इस विस्तारित अवधि में भी मतदाता द्वारा गणना प्रपत्र जमा नहीं करवाया गया तो 31 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारम्भिक मतदाता सूची में शामिल नही होगा। प्रवक्ता ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी मतदाता इस अभियान में सक्रिय सहयोग करे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.