Free Pilgrimage Scheme: हरियाणा सरकार बुजुर्गों को कराएगी वाराणसी की निःशुल्क तीर्थ यात्रा, 15 दिसंबर को रवाना होगी विशेष ट्रेन
Haryana Free Pilgrimage Scheme (डॉ एम पी भार्गव): हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को वाराणसी की निःशुल्क तीर्थ यात्रा कराने जा रही है। इसके लिए 15 दिसंबर को विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। चार दिवसीय इस धार्मिक यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए पोर्टल खोल दिया गया है।
तीर्थ यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने पात्र लाभार्थियों से जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराने की अपील की है। इच्छुक श्रद्धालु हरियाणा सरकार के सरल पोर्टल https://saralharyana.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी 15 दिसंबर को विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग उठा सकेंगे लाभ
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाभ हरियाणा के 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु उठा सकेंगे। योजना के तहत पात्रता के लिए आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि तीर्थ यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
अयोध्या और हजूर साहिब की भी कराई जा चुकी है यात्रा
हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत इससे पहले प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को अयोध्या और महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब की निःशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जा चुकी है।
अब इसी कड़ी में श्रद्धालुओं को वाराणसी के धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की तैयारी की गई है। सरकार ने पात्र बुजुर्गों से अपील की है कि वे निर्धारित पोर्टल पर समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।
