ऐलनाबाद में दहशत फैलाने वाले आक्रामक नंदी की मौत, संपर्क में आए लोगों और पशुओं को रेबीज वैक्सीन लगवाने की अपील

Ellenabad News: (एमपी भार्गव) ऐलनाबाद शहर में पिछले कई दिनों से आतंक का कारण बने आक्रामक नंदी की मौत हो गई। नंदी में पागलपन जैसे लक्षण दिखाई देने के कारण शहरवासियों में भय का माहौल था। अब मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने आशंका जताई है कि उसकी मौत पागलपन से संबंधित बीमारी के कारण हुई हो सकती है। उन्होंने नंदी के संपर्क में आए लोगों और पशुओं को रेबीज से बचाव के लिए तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

रेस्क्यू के दौरान नंदीशाला के संस्थापक का हाथ हुआ फैक्चर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिव नंदीशाला सेवा ट्रस्ट, ऐलनाबाद की रेस्क्यू टीम ने नंदी को सुरक्षित पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया था। रेस्क्यू के दौरान नंदी को काबू करते समय शिव नंदीशाला के संस्थापक रुपराम जैपाल नंबरदार के हाथ में गंभीर चोट लग गई, जिससे उनका हाथ फैक्चर हो गया। चोट के बावजूद टीम ने साहस दिखाते हुए नंदी को सुरक्षित पकड़ लिया और शिव नंदीशाला पहुंचाया।

नंदीशाला में उसे अन्य गोवंश से अलग एकांत स्थान पर रखा गया था, ताकि वह किसी दूसरे पशु या व्यक्ति के संपर्क में न आए।

पशु चिकित्सा अधिकारी ने किया निरीक्षण, नंदी को मृत घोषित किया

बुधवार सुबह ऐलनाबाद के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित सैनी ने नंदी का निरीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आशंका जताई कि नंदी की मौत पागलपन से संबंधित बीमारी के कारण हुई हो सकती है।

डॉ. सैनी ने निर्देश दिए कि पिछले दिनों जो भी व्यक्ति या पशु नंदी के संपर्क में आया हो, वह बिना देरी किए आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और रेबीज से बचाव के टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी करवाए। उन्होंने नंदीशाला प्रबंधन को मृत नंदी का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण करने और उसे मिट्टी में दफनाने के निर्देश भी दिए।

नंदी के संपर्क में आए हैं तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह

शिव नंदीशाला सेवा ट्रस्ट ने शहरवासियों से विशेष अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को नंदी ने काटा या खरोंचा है अथवा उसकी लार किसी खुले घाव, आंख, नाक या मुंह के संपर्क में आई है, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें। डॉक्टर के निर्देशानुसार रेबीज से बचाव का टीकाकरण करवाएं।

यह भी पढ़ें- Jai Gurudev Program: मिर्जापुर के तेंदुआ खुर्द में जय गुरुदेव का भव्य सत्संग, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इसी तरह यदि कोई पशु नंदी के संपर्क में आया है तो उसके मालिक को तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक बचाव और उपचार किया जा सके।

समय पर रेस्क्यू से टल सकता था बड़ा हादसा

शिव नंदीशाला प्रबंधन के अनुसार, यदि समय रहते आक्रामक नंदी का रेस्क्यू नहीं किया जाता और वह शहर के मुख्य बाजार में पहुंच जाता, तो राहगीरों, दुकानदारों, महिलाओं, बच्चों और अन्य पशुओं को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था। टीम का कहना है कि समय पर किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन से संभावित बड़े हादसे को टालने का प्रयास किया गया।

ट्रस्ट ने नागरिकों से इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि नंदी के संपर्क में आए किसी भी व्यक्ति या पशु को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके। ट्रस्ट ने कहा कि जनसेवा और गोसेवा के लिए शिव नंदीशाला सदैव समर्पित है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.