School Awareness Campaign: सिरसा में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक, बाल विवाह रोकने का दिया संदेश
Sirsa School Awareness Campaign ( एम पी भार्गव ): बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और सुरक्षित भविष्य को लेकर बाल कल्याण समिति सिरसा की ओर से सुरक्षित बचपन एवं बाल संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार को जिले के चार स्कूलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह की रोकथाम, साइबर धोखाधड़ी और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
ये कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गिदड़ा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रसालिया खेड़ा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चक्का और इंटरनेशनल ग्लोबल स्कूल दारिया में आयोजित हुए। कार्यक्रमों में बाल कल्याण समिति सिरसा के चेयरमैन डॉ. मदन लाल और समिति सदस्य अनिल कुमार ढिढारिया ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।
पॉक्सो एक्ट और अच्छे-बुरे स्पर्श की दी जानकारी
डॉ. मदन लाल ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के कानूनी प्रावधानों, बाल यौन शोषण से बचाव और अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। यदि किसी बच्चे के साथ कोई असहज या अप्रिय घटना होती है तो उसे डरने या चुप रहने की बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
बाल विवाह रोकने के लिए समाज से सहयोग की अपील
डॉ. मदन लाल ने बाल विवाह को गंभीर सामाजिक कुरीति बताते हुए इसे समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, सुरक्षित वातावरण में रहने और अपना भविष्य संवारने का अधिकार है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करने चाहिए।
साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बताए तरीके
समिति सदस्य अनिल कुमार ढिढारिया ने विद्यार्थियों को साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने तथा ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी।
नशे से दूर रहने का विद्यार्थियों को दिया संदेश
अनिल कुमार ढिढारिया ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की।
