Women Voter Registration: रामपुर में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने की तैयारी, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
घर-घर जाकर 18 साल पूरे कर चुके युवाओं और नवविवाहित महिलाओं का कराएंगी पंजीकरण, एसडीएम ने दिए निर्देश
Rampur Women Voter Registration: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने और महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसके लिए आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें घर-घर जाकर नए मतदाताओं और नवविवाहित महिलाओं का पंजीकरण कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र-37 रामपुर में शुक्रवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी सदर रत्निका श्रीवास्तव ने की। बैठक में आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, समूह सखियों, आजीविका सखियों और स्वास्थ्य सखियों ने भाग लिया।
Ganja Smuggling: गाजियाबाद में गांजा तस्करी करते दो सगे भाई गिरफ्तार, 9 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
18 साल पूरे कर चुके युवाओं का मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम
एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने निर्देश दिए कि सभी कार्यकर्ता अपने नियमित गृह भ्रमण के दौरान ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नवविवाहित महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें। वहीं, आवश्यकतानुसार फॉर्म-8 के जरिए मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया में भी मदद करें।

स्वयं सहायता समूहों की बैठकों में महिलाओं को करें जागरूक
एसडीएम ने स्वयं सहायता समूहों की बैठकों के माध्यम से महिलाओं को मतदान के अधिकार और मतदाता पंजीकरण के महत्व की जानकारी देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं का अनुपात और निर्वाचक-जनसंख्या अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर पंजीकरण बढ़ाया जाए।
दिव्यांग और वंचित नागरिकों तक भी पहुंचें कार्यकर्ता
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर काम करें। दिव्यांगजनों, वंचित वर्गों और पंजीकरण में सहायता की जरूरत वाले पात्र नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में मदद करें।
वोटर हेल्पलाइन ऐप से भी कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण
एसडीएम ने नागरिकों को वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और त्रुटिरहित बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान पूरी निष्पक्षता से चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
