Heroin Smuggler: मीरजापुर में 62 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, चुनार पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा 

Mirzapur Heroin Smuggler Arrest: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मीरजापुर पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) यूनिट वाराणसी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चुनार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 310 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बुलेट मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में थाना चुनार पुलिस तथा एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की संयुक्त टीम ने 27 नवंबर 2026 को कार्रवाई की।

Thana Samadhan Diwas: एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने पड़री थाने में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश

मुखबिर की सूचना पर स्टेशन रोड क्रॉसिंग के पास गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने सराय टेकौर स्टेशन रोड क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की। इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिल सवार गौतम साहनी (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान गौतम साहनी पुत्र पंचम साहनी, निवासी सराय टेकौर, थाना चुनार, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 310 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोबाइल फोन, एक पैन कार्ड और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UP63AX6524 को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

गाजीपुर से हेरोइन खरीदकर आसपास के जिलों में करता था सप्लाई

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह जनपद गाजीपुर के एक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर लाता था। इसके बाद आसपास के जनपदों और स्थानीय क्षेत्रों में पुड़िया बनाकर तथा थोक में इसकी बिक्री करता था। इस काम के लिए वह बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी हेरोइन की बिक्री से मिलने वाली रकम से भौतिक सुख-सुविधाओं का लाभ उठाता था।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, न्यायालय भेजा गया आरोपी

इस मामले में थाना चुनार में मुकदमा अपराध संख्या 470/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार गौतम साहनी के खिलाफ पूर्व में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।

1. मुकदमा अपराध संख्या 47/2020, धारा 188, 271 भादवि एवं 107 एमवी एक्ट, थाना पड़री।
2. मुकदमा अपराध संख्या 186/2022, धारा 323, 376, 504, 506 भादवि, थाना चुनार।
3. मुकदमा अपराध संख्या 235/2022, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, थाना चुनार।

इन पुलिसकर्मियों की रही कार्रवाई में भूमिका

इस संयुक्त कार्रवाई में एएनटीएफ यूनिट वाराणसी के उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह अपनी टीम के साथ तथा थाना चुनार के उपनिरीक्षक विनोद मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.