डीएम ने जनपदवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

बदायूँ : 25 जनवरी। जिलाधिकारी अवनीश राय ने 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमारे देश के इतिहास में अत्यंत गौरवशाली और प्रेरणादायक है। इसी दिन भारत ने अपना संविधान अंगीकार कर स्वयं को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है तथा प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्य ही हमारे लोकतंत्र की आत्मा हैं, जिनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी हम सभी की है।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए देश के विकास, स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से गणतंत्र दिवस को गरिमा, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.