Kisan Diwas: डीएम पवन कुमार गंगवार ने सुनी किसानों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

  •  रिपोर्ट: मंजय वर्मा

Mirzapur Kisan Diwas: विकास भवन के ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने जमीन की रजिस्ट्री, धान क्रय केंद्र, क्षतिग्रस्त सड़क-पुल, बिजली, सिंचाई और अन्य समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

Kisan Diwas: जमीन की रजिस्ट्री और धान क्रय केंद्र का मुद्दा उठा

किसान दिवस में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के युवा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह (मुन्ना) ने लालगंज तहसील के 128 गांवों में 16 बिस्वा से कम जमीन की खरीद-बिक्री पर आवासीय दर से स्टांप शुल्क लगाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इससे छोटे और गरीब किसानों को जमीन खरीदने-बेचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।

Theft Gang Arrested: मीरजापुर में अंतरराज्यीय चोरी गैंग का खुलासा, बिहार के 5 आरोपी गिरफ्तार; डेढ़ लाख के आभूषण-बर्तन बरामद

उन्होंने लालगंज क्षेत्र के खजुरी स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के धान क्रय केंद्र को दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं करने की मांग भी की। किसानों का कहना था कि केंद्र खजुरी में रहने से क्षेत्र के किसानों को धान बेचने में सुविधा मिलती है।

Kisan Diwas: टूटी सड़क और पुल की मरम्मत की मांग

किसान दिवस में सड़क और आवागमन से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तहसील अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने लालगंज-हलिया रोड से निकलने वाले बरौधा रोड पर कोटा शिव प्रताप सिंह गांव के पास क्षतिग्रस्त पुल और सड़क का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क पर पड़ी गिट्टी उछलने से लोगों के घायल होने की शिकायत है। उन्होंने पुल और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

किसान कमलेश कुमार मिश्र ने ग्राम पथरा दसौधी में सड़क से शौचालय तक इंटरलॉकिंग मार्ग बनवाने की मांग की। वहीं, संजय कुमार मिश्र ने रामपुर 38 गांव में तालाब तक जाने वाली सड़क का मामला उठाया। उनके अनुसार, इंटरलॉकिंग सड़क की खुदाई के बाद काम दो साल से अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

Kisan Diwas: बिजली और ट्रांसफार्मर की समस्या भी उठाई

भारतीय किसान यूनियन समिति के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार दुबे ने हलिया विकासखंड की ग्राम पंचायत मड़वा धनावल में विद्युतीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि करीब सात हजार की आबादी वाले इस गांव के कई वार्डों में अभी तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है। गांव में लगे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर की जगह 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की अनुमति देने की मांग की गई।

उन्होंने ग्राम पंचायत बबुरा रघुनाथ सिंह और महुगढ़ही में स्थापित की जा रही विद्युत परियोजनाओं से वन्यजीवों और पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की जांच कराने की मांग भी रखी।

Kisan Diwas: एक्सप्रेसवे और नहर की सर्विस रोड का मामला

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कंचन सिंह फौजी ने प्रयागराज से सोनभद्र के बीच प्रस्तावित एक्सप्रेसवे को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले से सड़क संपर्क उपलब्ध है और मौजूदा सड़कों के विस्तार पर विचार करके कृषि भूमि, प्राकृतिक संसाधनों और सरकारी धन की बचत की जा सकती है।

वहीं, अन्नदाता मंच के चौधरी रमेश सिंह ने जमालपुर क्षेत्र में चकिया ब्रांच नहर के टेल पर लगभग एक किलोमीटर लंबे नहर खंड के साथ सर्विस रोड नहीं होने की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को खेतों तक पहुंचने, सिंचाई और कृषि संबंधी कार्यों में कठिनाई होती है। उन्होंने सर्विस रोड बनवाने की मांग की।

Kisan Diwas: अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश

किसान दिवस में उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई और किसानों की समस्याओं के समाधान से संबंधित जानकारी दी। बैठक में किसानों ने मुख्य विकास अधिकारी का माल्यार्पण कर, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत भी किया।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने किसानों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, जिला कृषि अधिकारी अवधेश यादव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

UP Ranji Team Captain: आर्यन जुयाल को यूपी रणजी टीम का कप्तान चुने जाने पर मिल रही बधाइयां

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.