Theft Gang Arrested: मीरजापुर में अंतरराज्यीय चोरी गैंग का खुलासा, बिहार के 5 आरोपी गिरफ्तार; डेढ़ लाख के आभूषण-बर्तन बरामद

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

Mirzapur Theft Gang Arrested: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कथित अंतरराज्यीय चोरी गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत के आभूषण, बर्तन और 7 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले पेचकस, प्लास और लोहे का कटर भी मिला है।

Theft Gang Arrested: घरों की रेकी कर चोरी करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, जिगना थाना क्षेत्र में 16 अक्टूबर 2026 को बहुतीमय चकचौरा निवासी रविशंकर पाठक ने घर में घुसकर आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 18 अक्टूबर को खैरा निवासी राम शंकर उपाध्याय ने भी घर से आभूषण और नकदी चोरी होने की तहरीर दी थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Police Memorial Day 2026: पुलिस स्मृति दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश, बोले- यूपी में कानून से ऊपर कोई नहीं

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। 21 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना और भौतिक व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

Theft Gang Arrested: बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सक्सेना खरवार (30), रोहित (30), बंसी पासवान (28), अभीष खरवार (20) और आशीष खरवार (19) के रूप में की है। सभी आरोपी बिहार के रोहतास, भभुआ और भोजपुर जिलों के निवासी बताए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे पहले खाली घरों की रेकी करते थे और फिर रात के अंधेरे में घरों में घुसकर गहने, कीमती सामान और नकदी चोरी करते थे। चोरी के आभूषण बेचने के बाद प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।

Theft Gang Arrested: आभूषण, बर्तन और नकदी बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से दो पीतल के गिलास, पीली धातु की एक चेन और एक अंगूठी, सफेद धातु की एक पायल तथा 7,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले दो पेचकस, एक प्लास और लोहे का कटर भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई है।

Theft Gang Arrested: मीरजापुर के कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में जिगना थाने के दो मामलों के अलावा लालगंज और सन्तनगर थानों में दर्ज चोरी से संबंधित मुकदमों में भी कार्रवाई की जा रही है। सक्सेना खरवार का बलिया जिले के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत पूर्व आपराधिक इतिहास भी बताया गया है।

गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में जिगना पुलिस टीम तथा एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह की टीम ने की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने और जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.