पंचायत चुनाव 2026 की उलटी गिनती शुरू! क्या इस बार प्रक्रिया होगी पूरी तरह पारदर्शी

लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार में पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग बिहार के आयुक्त की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर ग्राम पंचायतों की जनसंख्या के प्रकाशन हेतु प्रपत्र-1 की तैयारी और उसके प्रकाशन से संबंधित दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं और प्रपत्र-1 का प्रकाशन पूरी तरह पारदर्शी एवं त्रुटिरहित हो, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

साथ ही प्रपत्र-1 के प्रकाशन, आपत्तियों की प्राप्ति, उनके निष्पादन और अंतिम प्रकाशन की समय-सारिणी पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आमजन समय पर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें। प्राप्त आपत्तियों का निपटान नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी प्रखंडों में प्रपत्र-1 से संबंधित आंकड़ों की प्रविष्टि डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित की जाए। किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान करने को कहा गया और स्पष्ट किया गया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा पंचायत चुनाव से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम, बीएसडब्ल्यूएएन के माध्यम से समन्वय और विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर भी चर्चा की गई।

लखीसराय जिले से इस बैठक में जिला पदाधिकारी नीरज कुमार, अपर समाहर्ता शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।अंत में सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करें, ताकि पंचायत आम निर्वाचन 2026 का सफल और निष्पक्ष आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.