मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक्शन में: 224 निलंबित राजस्व कर्मियों को मिली बड़ी राहत

सम्राट चौधरी ने पलटा विजय कुमार सिन्हा का पुराना आदेश

लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार की सियासत में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आते ही सख्त फैसलों की झड़ी लगा दी है। पद संभालते ही उन्होंने ऐसा निर्णय लिया है, जिससे सीधे तौर पर सैकड़ों राजस्व कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।

करीब ढाई महीने से सस्पेंशन की मार झेल रहे 224 राजस्व कर्मियों के निलंबन को मुख्यमंत्री ने एक झटके में रद्द कर दिया है। यह फैसला पूर्व डिप्टी सीएम और राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा के उस कड़े आदेश को पलटता है, जिसमें हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव महेंद्र पाल ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि 11 फरवरी से 19 अप्रैल के बीच निलंबित सभी कर्मियों के मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए उनका सस्पेंशन खत्म किया जाए।

दरअसल, अपनी मांगों को लेकर राज्यभर के राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे, जिसके बाद सरकार ने सख्ती दिखाते हुए 224 कर्मियों को निलंबित कर दिया था। लेकिन अब सत्ता परिवर्तन के साथ ही फैसलों की दिशा भी बदलती नजर आ रही है।

राजनीतिक मायने:
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह कदम न सिर्फ कर्मचारियों के लिए राहत भरा है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि नई सरकार अपने फैसलों से अलग छाप छोड़ने की कोशिश में है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.