6 जून के कार्यक्रमों को लेकर स्पेशल डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने अमृतसर में सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा
-अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में 11 केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात
-श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को बनाया गया सर्वोच्च प्राथमिकता: स्पेशल डीजीपी
-2,000 से अधिक पुलिसकर्मी और 30 गजटेड अधिकारी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात
-हर तरह की अप्रिय गतिविधि से निपटने के लिए पंजाब पुलिस पूरी तरह सतर्क
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर, 3 जून। 6 जून को मनाए जाने वाले घल्लूघारा दिवस और ऑपरेशन ब्लू स्टार की वर्षगांठ के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। इसी क्रम में पंजाब पुलिस के स्पेशल डीजीपी प्रवीण सिन्हा बुधवार को अमृतसर पहुंचे और सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठकें कर तैयारियों की समीक्षा की तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए स्पेशल डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने कहा कि हर वर्ष 6 जून से पहले अमृतसर में धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलती है। इसे ध्यान में रखते हुए पंजाब पुलिस ने इस बार भी बहुस्तरीय और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। उन्होंने बताया कि पूरे अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा ग्रिड तैयार किया गया है, जिसके तहत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि पंजाब पुलिस के अलावा बीएसएफ, आरएएफ और अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल 11 कंपनियां अमृतसर तथा आसपास के जिलों में तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त शहर में 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी और लगभग 30 अनुभवी गजटेड अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्पेशल डीजीपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमृतसर पुलिस, आसपास के जिलों की पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल है और किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
प्रवीण सिन्हा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट होने के कारण अमृतसर सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। कुछ असामाजिक और राष्ट्रविरोधी तत्व पंजाब की शांति और सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन पंजाब पुलिस ऐसी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी के निर्देशों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है।
हाल ही में सामने आई कुछ घटनाओं के संबंध में पूछे गए सवालों के जवाब में स्पेशल डीजीपी ने स्पष्ट किया कि उनका 6 जून के कार्यक्रमों से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को पहले से कुछ संभावित योजनाओं की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस की केस सुलझाने की दर देश में सबसे बेहतर दरों में शामिल है और अन्य मामलों की जांच भी पूरी गंभीरता और मुस्तैदी से जारी है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जैसे ही कोई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएगा, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
