Voter List Revision: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से कोई पात्र नागरिक न रहे वंचित, 20 नवंबर तक त्रुटियां दूर करने के निर्देश

Rampur Voter List Revision 2027: मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम उसमें शामिल कराने के लिए प्रशासन ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 35-चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों को मतदाता सूची का दोबारा सत्यापन करने तथा सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी टांडा कुमार गौरव ने स्पष्ट किया कि सभी निर्धारित कार्य 20 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं।

Voter List Revision: बीएलओ और सुपरवाइजरों को दी गईं जरूरी हिदायतें

अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इसके बाद बुधवार को उपजिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में सभी सुपरवाइजरों और बीएलओ के साथ टेबल-टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई।

Virat Kayastha Sammelan: 20 दिसंबर को नवी मुंबई में होगा विराट कायस्थ सम्मेलन, राजीव रंजन प्रसाद बोले- समाज की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का बनेगा प्रतीक

बैठक में अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं (एएसडी) की सूची का दोबारा सत्यापन करने तथा मतदाता सूची का पंचायत सूची से मिलान करने के निर्देश दिए गए। बीएलओ को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ बैठक कर कार्यवृत्त तैयार करने और नए प्राप्त प्रपत्रों की सूची प्रत्येक मतदेय स्थल पर चस्पा करने को कहा गया।

Voter List Revision: 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

विशेष अभियान की तिथियों 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को सभी बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और अन्य दावे-आपत्तियों से संबंधित प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे।

इसके अलावा मलिन बस्तियों, रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों, कारखानों, अस्पतालों और महाविद्यालयों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इनमें बेघर लोगों, श्रमिकों, महिलाओं, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों सहित वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों के आवेदन मौके पर ही भरवाए जाएंगे।

Voter List Revision: पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं से भी लिए जाएंगे आवेदन

युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों को जागरूक करने के लिए निर्वाचक साक्षरता क्लब (ईएलसी), चुनाव पाठशाला और स्वीप गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से प्रपत्र-6 भरवाया जाएगा।

इसके साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी अग्रिम आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अधिकारियों को दिव्यांग मतदाताओं की मार्किंग ऐप पर अनिवार्य रूप से करने, बीएलओ को रजिस्टर तैयार रखने और सुपरवाइजरों को नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

Voter List Revision: मतदाता सूची में नाम और विवरण जरूर जांचें

उपजिलाधिकारी कुमार गौरव ने आमजन से अपील की कि वे अपने मतदेय स्थल पर प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकता है।

आवेदन संबंधित बीएलओ के पास, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से किया जा सकता है। मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने से वंचित न रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.