Maharaja Agrasen Chowk: रामपुर का होगा विकास और सनातन संस्कृति का बढ़ेगा सम्मान: आकाश सक्सेना
शहर विधायक ने किया महाराज अग्रसेन चौक का लोकार्पण; मिस्टन गंज चैराहे पर स्थापित की गई महाराज अग्रसेन की प्रतिमा, भव्य बना चैराहा
Maharaja Agrasen Chowk: शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि भाजपा के राज में न सिर्फ रामपुर का विकास हो रहा है, बल्कि सनातन संस्कृति का भी सम्मान बढ़ रहा है। हमारी आस्था पर आँच आए और हमारी विरासत का अपमान हो, यह हम कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
Maharaja Agrasen Chowk: हमारी सनातन परंपरा हमारी पहचान
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने रविवार को मिस्टन गंज चैराहे पर महाराज अग्रसेन चौक का लोकार्पण किया। महाराज अग्रसेन की प्रतिमा को देख सभी देखते रह गए। इस अवसर पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि हमारी संस्कृति, हमारी आस्था और हमारी सनातन परंपरा हमारी पहचान है। जिन लोगों ने रामपुर की ऐतिहासिक धरोहरों और पहचान को मिटाने का काम किया, उनसे मैं कहना चाहता हूँ कि इतिहास को मिटाकर कोई अपनी सोच को स्थापित नहीं कर सकता। धरोहरें केवल ईंट-पत्थर की इमारतें नहीं होतीं, वे हमारी संस्कृति, हमारे गौरव और हमारी आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य विरासत होती हैं।
Maharaja Agrasen Chowk: रामपुर का विकास हमारा संकल्प
शहर विधायक आकाश ने कहा कि हमारे संस्कारों की वजह से हमारी सोच और हमारा रास्ता अलग है। हम किसी की बनाई हुई चीज को धराशायी करने में विश्वास नहीं करते, हम उससे भी बड़ी लकीर खींचने में विश्वास करते हैं। कहा कि हमारा संकल्प है कि रामपुर का विकास होगा, सनातन संस्कृति का सम्मान बढ़ेगा, हमारी आस्थाओं को सम्मान मिलेगा और हमारी ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी। हमारा जवाब विनाश से नहीं, विकास से होगा। हमारा जवाब नफरत से नहीं, संस्कारों से होगा और हमारा जवाब आरोपों से नहीं, अपने काम से होगा। हम सनातन के सम्मान की रक्षा भी करेंगे, रामपुर की पहचान भी सँवारेंगे और विकास की ऐसी नई इबारत लिखेंगे, जिस पर आने वाली पीढ़ियाँ गर्व करेंगी।
इस दौरान सफाई कर्मियों एवं पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर संदीप अग्रवाल सोनी, वीरेंद्र गर्ग, प्रवेश अग्रवाल, पवन कुमार जैन, डाॅ अजय अग्रवाल, गिरीराज सरन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, देवेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, सजल अग्रवाल, डाॅ नितिन, सचिन अग्रवाल, दीपक गोयल, शोभित गोयल, दीपक जिंदल आदि उपस्थित रहे।
