गौतमबुद्धनगर पुलिस की बड़ी उपलब्धि, एक वर्ष में 5491 वीवीआईपी दौरों को कराया सुरक्षित

नोएडा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने वीवीआईपी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक जनपद में कुल 5491 वीवीआईपी आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रमों को सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

इस अवधि के दौरान नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, विभिन्न राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों सहित कई अति विशिष्ट व्यक्तियों का गौतमबुद्धनगर दौरा हुआ। इसके अलावा जेड प्लस श्रेणी के 164 विशिष्ट व्यक्तियों, विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों तथा न्यायपालिका के वरिष्ठ न्यायाधीशों के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

हर वीवीआईपी कार्यक्रम से पहले पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल, रूट मैनेजमेंट, ट्रैफिक डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, एजेंसियों के बीच समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान एंटी-सैबोटाज जांच, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्तों की तैनाती और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया गया।

आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई। विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था तथा सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से समय-समय पर यातायात संबंधी सूचनाएं जारी की गईं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी नेतृत्व के चलते वर्षभर आयोजित सभी वीवीआईपी कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हुए। पुलिस ने भविष्य में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विशिष्ट व्यक्तियों को उच्चस्तरीय सुरक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.