पिता का सपना हुआ साकार: नीमला के युवा सरपंच महेश कड़ेला का सरकारी नौकरी में चयन, गांव में खुशी की लहर
ऐलनाबाद, 6 जून (एम पी भार्गव): कड़ी मेहनत, लगन और पिता के सपनों को अपना लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने वाले नीमला ग्राम पंचायत के युवा सरपंच महेश कड़ेला ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सरकारी नौकरी में चयन प्राप्त किया है। उनके चयन की खबर सामने आते ही पूरे गांव, पंचायत क्षेत्र और परिवार में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयों का तांता लगा दिया है।
महेश कड़ेला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और ग्रामीणों के सहयोग को देते हुए भावुक अंदाज में कहा कि “मेरे पिता का हमेशा सपना था कि मैं सरकारी नौकरी में चयनित होकर परिवार और गांव का नाम रोशन करूं। आज उनका वह सपना साकार हुआ है।” उनके इन शब्दों ने हर किसी को भावुक कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल महेश की सफलता नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है।
महेश कड़ेला को ऐलनाबाद ब्लॉक के सबसे अधिक शिक्षित और सबसे युवा सरपंचों में गिना जाता है। पिछले वर्ष हुए उपचुनाव में उन्होंने सरपंच पद का चुनाव जीतकर पंचायत की जिम्मेदारी संभाली थी। कम उम्र में नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के बल पर उन्होंने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
सरकारी नौकरी में चयन के बाद अब पंचायत क्षेत्र में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। यदि महेश कड़ेला सरपंच पद से इस्तीफा देते हैं, तो ग्राम पंचायत नीमला में पिछले पांच वर्षों के दौरान तीसरी बार सरपंच पद के लिए चुनाव करवाने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में ग्रामीणों की निगाहें अब उनके अगले निर्णय पर टिकी हुई हैं।
गांव के बुजुर्गों का कहना है कि महेश कड़ेला की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो जनप्रतिनिधि रहते हुए भी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।
महेश कड़ेला की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं में भी नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार किया है। आज नीमला गांव गर्व से कह रहा है कि उसका बेटा अपने पिता का सपना पूरा कर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ गया है।
