Ganja smuggler arrested in Ellenabad: ऐलनाबाद में 1.5 किलो गांजा पत्ती के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
Ganja smuggler arrested in Ellenabad (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद थाना पुलिस ने एक युवक को 1 किलो 500 ग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत ऐलनाबाद थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा पत्ती की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस टीम लगातार गश्त और चेकिंग कर रही है।
इसी दौरान थाना पुलिस की टीम खोसा स्टेडियम से होते हुए नोहर रोड की तरफ जा रही थी। जब पुलिस टीम टी-प्वाइंट ढाणी शेरा के पास पहुंची तो वहां एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक की पॉलिथीन लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखते ही युवक घबरा गया और पीछे मुड़कर वहां से खिसकने का प्रयास करने लगा। उसकी हरकत संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान पिंटू पुत्र महेश्वर दास निवासी वार्ड नंबर 11, जगदीशपुरा, कुंजैरी, मधेपुरा बिहार, हाल जनता अस्पताल के समीप ऐलनाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में पॉलिथीन की तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो 500 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे नशे की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
