‘Swachhata Hi Seva’ Campaign in Rampur: स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने लगाई दौड़, दिया स्वच्छता का संदेश
‘Swachhata Hi Seva’ Campaign in Rampur: रामपुर मे नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान 2 से 31 अक्टूबर के तहत जिला गंगा समिति, रामपुर द्वारा 7 अक्टूबर को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति लव कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के साथ खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। छात्र-छात्राओं ने नमामि गंगे की टी-शर्ट पहनकर स्वच्छता के नारे लगाए और स्वच्छता का संदेश दिया। प्रतियोगिता के बाद विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

सीनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सचिन माहौर प्रथम, जगवीर द्वितीय और संजय तृतीय रहे। 200 मीटर में जगवीर, संजय और कुनाल तथा 400 मीटर में अनुभव, तरणजीत और फैजान ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में विशेष, अहमद रज़ा और अनिकेत, 200 मीटर में शिवा सैनी, प्रिंस और राजा, जबकि 400 मीटर में निशांत, कार्तिक और आमिर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। रस्सा-कशी प्रतियोगिता में रोबिन, समद, सनी, प्रिंस सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने कहा कि स्वच्छता ही सच्ची सेवा है। खेलों से शरीर स्वस्थ रहता है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नदियों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण करने और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य शिखा, आर्ट ऑफ लिविंग के शुभम मिश्रा तथा अध्यापक धीरेन्द्र कुमार वर्मा, चमन सिंह, जुनैद हुसैन जैदी, संदीप कुमार वर्मा, जोगेन्द्र सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
