परी चौक से कश्मीरी गेट तक 47 किमी का सफर बना खौफनाक, चलती स्लीपर बस में नाबालिग से दुष्कर्म

ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर बस को फोरेंसिक जांच के लिए कब्जे में लिया है।

ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक का 47 किलोमीटर का रास्ता एक 16 वर्षीय नाबालिग के लिए जिंदगी का सबसे खौफनाक सफर बन गया। 4 अगस्त की रात, जब मूसलधार बारिश और घने अंधेरे में मदद की उम्मीद लेकर वह एक खाली स्लीपर बस में सवार हुई थी, उसे अंदाजा भी नहीं था कि बस में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर ही दरिंदे निकलेंगे।

वर्कशॉप से निकली बस बनी क्राइम सीन
पुलिस जांच में सामने आया कि बस सूरजपुर में मरम्मत के बाद तिमारपुर की तरफ लौट रही थी। परी चौक पर अकेली खड़ी किशोरी ने जब मदद मांगी, तो आरोपी चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप ने उसे नोएडा सेक्टर-63 छोड़ने का झांसा दिया।

पर्दों की आड़ में दरिंदगी
जैसे ही विश्वनाथ ट्रांसपोर्ट की वह बस आगे बढ़ी, कंडक्टर संदीप ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से चलती बस में मासूम के साथ दुष्कर्म किया। बाहर बारिश और अंदर स्लीपर बर्थ की खिड़कियों पर लगे भारी पर्दों के पीछे आरोपियों ने यह गंदा कांड कर दिया। यही कारण है कि चलती बस में हो रही इस हैवानियत का सड़क पर चल रहे लोगों को कुछ पता ही नहीं चला। विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

सलाखों के पीछे गए दोनों आरोपी
वारदात के बाद आरोपी किशोरी को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर फेंककर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तिमारपुर बस पार्किंग से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। फोरेंसिक टीम ने बस को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.