- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर, राजकीय जिला पुस्तकालय मिलक के उन्नयन, विकास एवं भावी योजना निर्माण के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में पुस्तकालय को आधुनिक, समृद्ध एवं जनोपयोगी स्वरूप प्रदान करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक अजंलि अग्रवाल ने बताया कि पुस्तकालय में 497 सदस्य पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत पुस्तकालय परिसर में रात्रि में सुरक्षा गार्ड की आवश्यकता है, जिसपर मुख्य विकास अधिकारी ने होमगार्ड कमाण्डेड को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में राजकीय जिला पुस्तकालय का मासिक शुल्क 20 रूपये तथा अगर कोई सदस्य वार्षिक सदस्यता लेता है तो वार्षिक सदस्यता शुल्क 200 रूपये निर्धारित की गई। उन्होंने पुस्तकालय की साफ-सफाई के लिए ईओ मिलक को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे नियमित रूप से राजकीय जिला पुस्तकालय का उपयोग करें और पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा दें तथा आम नागरिकों में अध्ययनशीलता की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का केंद्र होते हैं और इनके सुदृढ़ीकरण से विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं एवं आम नागरिकों को व्यापक लाभ मिलेगा।
पुस्तकालय को आदर्श एवं आधुनिक स्वरूप देने के लिए डिजिटल संसाधन, ई-रीडिंग सुविधा, शांत अध्ययन कक्ष, पाठक अनुकूल वातावरण एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
