भारतीय जनता पार्टी, रामपुर बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे बड़ी ताकत, प्रत्येक बूथ को विजय का केंद्र बनाना हमारा लक्ष्य – ओमवीर खड्गवंशी
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर, भारतीय जनता पार्टी रामपुर नगर विधानसभा द्वारा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन रंगोली मंडप, रामपुर में उत्साह एवं संगठनात्मक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष, संभल ओमवीर खड्गवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता शिव बहादुर सक्सेना के सान्निध्य में हुई तथा संचालन कुंवर बहादुर राजपूत ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के संयोजक जिला उपाध्यक्ष विकास दीक्षित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमवीर खड्गवंशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित बूथ कार्यकर्ता एवं बूथ अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक अभियान बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुँचे, यही भाजपा की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों का आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रत्येक परिवार तक केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की विचारधारा को पहुँचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में प्रत्येक बूथ को विजय का केंद्र बनाना ही हम सभी का संकल्प होना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार शिव बहादुर सक्सेना ने कहा कि भाजपा का संगठन देश का सबसे मजबूत और अनुशासित संगठन है, जिसकी नींव बूथ स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रियता ही चुनावी सफलता का आधार बनती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद स्थापित करते हुए सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें।
कार्यक्रम के संयोजक विकास दीक्षित ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं बूथ अध्यक्षों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य बूथ संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं परिणाममुखी बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी बूथ अध्यक्ष पूर्ण समर्पण के साथ संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन कुंवर बहादुर राजपूत ने प्रभावशाली एवं व्यवस्थित ढंग से किया।
सम्मेलन में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा बूथ सशक्तिकरण, मतदाता संपर्क, सदस्यता विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। सभी बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की नीतियों एवं नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में जागेश्वर दयाल दीक्षित, प्रदीप गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक विवेक रुहेला, श्वेता शर्मा, शिरीष गुप्ता, कमल सिंह लोधी, भव्य उप्पल, अन्नू सक्सेना, राजू सुमन आदि बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
