दीपावली से पहले रामपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के छह नमूने जांच के लिए भेजे

Rampur Food Department Raid: दीपावली पर्व को देखते हुए रामपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष छापामार अभियान चलाया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान मिठाई की विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया और छह नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण में कई दुकानों पर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। संबंधित कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

इन दुकानों से लिए गए मिठाइयों के नमूने

खाद्य विभाग की टीम ने मिस्टन गंज स्थित दुर्गा स्वीट्स और अन्नपूर्णा स्वीट्स से छेना रसगुल्ला के नमूने लिए। स्वार स्थित बीकानेर स्वीट्स से खोया कतली और सिविल लाइंस स्थित अजन्ता स्वीट्स से गुलाब लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा मोहल्ला सूफियान स्थित फैमस स्वीट्स एंड बेकर्स से आटा लड्डू का नमूना लिया गया। सभी छह नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

दुर्गा और बीकानेर स्वीट्स में मिलीं कमियां

निरीक्षण के दौरान दुर्गा स्वीट्स में फर्श पर टाइल्स नहीं होने, साफ-सफाई की उचित व्यवस्था न मिलने और ढक्कनयुक्त कूड़ेदान उपलब्ध नहीं होने जैसी कमियां पाई गईं। वहीं बीकानेर स्वीट्स में खाद्य लाइसेंस उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं था। इसके अलावा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले।

अमृतसर पहुंचे भाजपा पंजाब प्रधान केवल सिंह ढिल्लों, नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सलिल कपूर का किया स्वागत

विभाग की टीम ने शिवि सिनेमा के सामने स्थित मंथन रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य कारोबारकर्ता को बिल-वाउचर पर खाद्य लाइसेंस संख्या अंकित करने के निर्देश दिए गए।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

सहायक आयुक्त खाद्य मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मिठाइयों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की प्रकृति के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे अत्यधिक रंगीन मिठाइयों की बिक्री से बचें और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान मिलावटखोरी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.