National Unity Day: रामपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़े 400 लोग, हॉकी और योगासन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन

National Unity Day 2026: रामपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर करीब 400 लोगों ने रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लिया। बमनपुरी स्टेडियम में हॉकी और योगासन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

National Unity Day Rampur 2026:  सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रामपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के तहत ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ निकाली गई, जिसमें करीब 400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। इसके साथ ही बमनपुरी स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी और योगासन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया दौड़ का शुभारंभ

‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने अंबेडकर पार्क से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ अंबेडकर पार्क से शुरू होकर गांधी समाधि पर समाप्त हुई। इसमें पंचायती राज विभाग, युवा कल्याण विभाग, खेल विभाग के हॉकी छात्रावास के खिलाड़ियों, खेलो इंडिया एथलेटिक सेंटर के प्रशिक्षार्थियों और अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के संकल्प की याद दिलाता है। सभी नागरिकों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।

Savarn Army Mirzapur: गिरिजेश मिश्रा बने सवर्ण आर्मी मिर्जापुर के जिला अध्यक्ष, संगठन ने सौंपी नई जिम्मेदारी

बमनपुरी स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बमनपुरी स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक एवं बालिका वर्ग की सेवन-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया।

योगासन प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

कार्यक्रम के अंतर्गत योगासन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थू लाल सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बृजेश बिश्नोई और प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस विभाग की भी सक्रिय भूमिका रही।

इस अवसर पर योगासन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार सिंह, खेलो इंडिया के प्रशिक्षक सौरभ कुमार, अमरपाल यादव सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.