Youth Dialogue Rampur: रामपुर में 300 युवाओं ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए ली शपथ, मताधिकार के प्रति किया जागरूक
Youth Dialogue Rampur News: लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी और जागरूकता अहम भूमिका निभाती है। इसी उद्देश्य से इम्पैक्ट कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में ‘युवा संवाद–अपने मत को जानें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत (माय भारत), रामपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
विकसित भारत युवा संवाद पहल के तहत हुआ आयोजन
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ पहल का हिस्सा रहा। कार्यक्रम में युवा आइकन मेघा ठाकुर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को समझाया मताधिकार का महत्व
जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए उन्हें सामाजिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

संवाद के दौरान युवाओं ने शासन व्यवस्था में नागरिकों की भागीदारी, नागरिक कर्तव्यों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। वक्ताओं ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर 300 से अधिक युवाओं ने लोकतांत्रिक शपथ ली। सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, जागरूक नागरिक भागीदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
कॉलेज के चेयरमैन डॉ. सुल्तान अहमद ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक सरताज अहमद, निदेशक डॉ. कौशल कुमार, प्राचार्य प्रो. असीम अहमद, एनएसएस नोडल अधिकारी शिखा शर्मा सहित स्वयंसेवक अभिषेक, नवनीत, निधि, अंकित और नरवीर मौजूद रहे।

[…] Youth Dialogue Rampur: रामपुर में 300 युवाओं ने लोकतंत… […]