अमृतसर पहुंचे भाजपा पंजाब प्रधान केवल सिंह ढिल्लों, नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सलिल कपूर का किया स्वागत

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर

-‘भाजपा ही पंजाब को बचा सकती है’, केवल सिंह ढिल्लों का दावा

-NEET मुद्दे और विपक्ष के प्रदर्शन पर कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

अमृतसर: भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों शनिवार को अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सलिल कपूर को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर अमृतसर की पूरी भाजपा नेतृत्व टीम, वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केवल सिंह ढिल्लों और सलिल कपूर का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि अमृतसर जैसे पवित्र शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह यह साबित करता है कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि आज लोग मौजूदा व्यवस्था से परेशान हैं और उन्हें विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी ही पंजाब को सही दिशा दे सकती है। उन्होंने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सलिल कपूर को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पार्टी अमृतसर की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और बेहतर प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने पूरे पंजाब में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। संगठन में किए गए बदलावों का उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना और अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की अपील भी की।

इस दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने NEET मामले को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसी भी दोषी को बख्शने के पक्ष में नहीं है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने कहा कि वे छुट्टियां बिताकर लौटते हैं और फिर धरना-प्रदर्शन शुरू कर देते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल केवल राजनीति करने के लिए मुद्दों को उछालते हैं और देश की प्रगति से उन्हें परेशानी होती है।

आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में कर्मचारियों, सफाई कर्मियों और आम लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग करने वाले कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और आने वाले समय में पंजाब में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.