ग्रामीण इलाकों में व्यापार के लिए सरकार का बड़ा कदम: UP में 31 हजार से अधिक ग्रामीण व्यवसायों को मिली मदद!
ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ रही केंद्र सरकार की पहल, बजट में 738% की बढ़ोतरी
- रिपोर्टर: प्रमोद यादव
New Delhi: केंद्र सरकार की स्टार्ट-अप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (SVEP) योजना ग्रामीण भारत में स्वरोजगार और छोटे उद्योगों को नई पहचान दिलाने का काम कर रही है। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत संचालित इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों लोग अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, योजना का ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश में 31 हजार से अधिक ग्रामीण उद्योगों को मिला लाभ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अब तक 31,863 छोटे ग्रामीण उद्योगों को इस योजना के तहत सहायता प्रदान की जा चुकी है। इससे हजारों ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार और स्थायी आय का अवसर मिला है।
बजट में 738 प्रतिशत की बढ़ोतरी
ग्रामीण युवाओं को उद्यमी बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने इस योजना के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है। जनवरी 2018 में जहां योजना का बजट 112.39 करोड़ रुपये था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 942.09 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह करीब 738 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
99% उद्यम लाभ में, आय में 57% तक बढ़ोतरी
PIB के अनुसार, योजना के तहत शुरू किए गए 99 प्रतिशत ग्रामीण उद्यम लाभ में संचालित हो रहे हैं। वहीं, इन उद्यमों से जुड़े परिवारों की औसत आय में 57 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
क्या है SVEP योजना?
स्टार्ट-अप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (SVEP), DAY-NRLM के अंतर्गत संचालित एक प्रमुख योजना है। इसका उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों को कृषि के अलावा अन्य क्षेत्रों में स्वरोजगार उपलब्ध कराना है। योजना के तहत इच्छुक लोगों को व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रशिक्षण, बिजनेस मैनेजमेंट की जानकारी, मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इस योजना में महिलाओं और वंचित वर्गों को प्राथमिकता दी जाती है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, योजना से जुड़े करीब 75 प्रतिशत उद्यमों का स्वामित्व महिलाओं के पास है।
उत्तर प्रदेश की पूनम बनीं प्रेरणा
योजना की सफलता का उदाहरण उत्तर प्रदेश की पूनम हैं, जिन्होंने सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों को पार करते हुए SVEP के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया। आज वह एक सफल उद्यमी बनने के साथ-साथ अपने क्षेत्र की करीब 40 महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने में मार्गदर्शन दे रही हैं। उनकी सफलता ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन गई है।
