मोदीनगर के बेगमाबाद में लाखों की चोरी, जाली काटकर घर में घुसे चोर; नकदी और जेवर लेकर फरार

मोदीनगर के बेगमाबाद में चोरों ने जाली काटकर घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवर और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।

मोदीनगर। गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र के बेगमाबाद में बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण बैंक के ऊपर बने मकान में रहने वाला परिवार रात के समय दूसरे कमरे में सो रहा था। इसी दौरान चोर पड़ोस में बन रहे निर्माणाधीन मकान के रास्ते छत पर पहुंचे और मुख्य दरवाजे की लोहे की जाली काटकर घर के अंदर प्रवेश कर गए।

सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर अलमारी से करीब 25 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद तत्काल डायल-112 और मोदीनगर पुलिस को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें- मोदीनगर में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी हुए जेवर उनकी वर्षों की जमा-पूंजी थे और उनकी कीमत लाखों रुपये है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही निर्माणाधीन मकान सहित संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.