- रिपोर्ट: कपिल सिंह
बाराबंकी: पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में थाना रामनगर पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹6.25 लाख नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने घटना के बाद स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था और मामले के शीघ्र खुलासे तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना रामनगर पुलिस ने डिजिटल डेटा और मैनुअल इंटेलिजेंस की सहायता से जांच करते हुए 17 जुलाई 2026 को आरोपी विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी, पुत्र प्रवीण सिंह, निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव को थाना रामनगर क्षेत्र के पुराने हाईवे के पास से गिरफ्तार किया।

नकदी और आभूषण बरामद
गिरफ्तार आरोपी के पास से ₹6,25,300 नकद के अलावा सोने और चांदी के कई आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, चेन, बालियां, नाक की कील, लॉकेट, सिक्के, कान के टॉप्स तथा चांदी की पायल, बिछिया, चेन, अंगूठियां, चांदी के बिस्किट और अन्य आभूषण शामिल हैं।
घर का पूर्व नौकर निकला आरोपी
पूछताछ में पता चला कि आरोपी पीड़िता के घर में पहले नौकर के रूप में काम करता था। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को पीड़िता की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर उसने घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।
इस संबंध में थाना रामनगर में मु.अ.सं. 284/2026 के तहत धारा 306 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। बरामदगी और जांच के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
