- रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
(सोनभद्र)। घोरावल के महावीर कॉलोनी निवासी अजय पटेल ने नीट-2026 की परीक्षा में 720 में से 632 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 3187 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अजय के सम्मान में आयोजित समारोह में प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया के प्रधानाध्यापक राजेश सिंह ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान संतोष पाठक एडवोकेट, संजय मिश्रा, डॉ. श्रीश, अरुण तिवारी, मनोज तिवारी, दिलीप विश्वकर्मा, प्रशांत सिंह, गोपाल गोविंद पाल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अजय के पिता स्वर्गीय डॉ. जय सिंह, जो घोरावल में आकांक्षा क्लीनिक का संचालन करते थे, वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद उनकी माता बेगमती ने परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए बेटे और बेटी की पढ़ाई जारी रखी। अजय ने गीतांजलि पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल में 91 प्रतिशत तथा राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज से इंटरमीडिएट में 86 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बिना किसी कोचिंग के केवल स्वाध्याय और अपनी मां की प्रेरणा से उन्होंने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की। अजय ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी माता को दिया। सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अजय की सफलता कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती है।
