Swachhata Hi Seva 2026 Rampur: स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कोसी घाट पर चला विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान

Swachhata Hi Seva 2026 Rampur: स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति, द्वारा कोसी घाट पर विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य नदी, घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ ही आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।

स्वच्छता अभियान के दौरान जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार तथा आर्ट ऑफ लिविंग के शुभम मिश्रा ने स्वयं श्रमदान करते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान घाट एवं आसपास के क्षेत्र से मूर्ति अवशेष, प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट सहित लगभग 80 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया गया। एकत्रित कचरे को निर्धारित तरीके से निस्तारण के लिए भेजने की व्यवस्था की गई।

कोसी घाट पर सफाई और श्रमदान

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नदी एवं घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों से अपील की गई कि नदी एवं उसके आसपास प्लास्टिक, पूजा सामग्री तथा अन्य प्रकार का कचरा न डालें और घाटों को स्वच्छ रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि नदियों की स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला गंगा समिति द्वारा बताया गया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जनपद में नदी घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में निरंतर स्वच्छता गतिविधियां एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के दौरान “स्वच्छ घाट–स्वच्छ नदी–स्वच्छ रामपुर” का संदेश देते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। जिला गंगा समिति ने आमजन से अपील की कि वे नदी एवं घाटों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचें और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.