Divyangjan Assistive Equipment Distribution Rampur: सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को वितरित किए गए सहायक उपकरण
Divyangjan Assistive Equipment Distribution Rampur: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड शाहबाद एवं स्वार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा पात्र दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर एवं बैशाखी वितरित की गईं। विकासखंड शाहबाद में आयोजित कार्यक्रम में विधायिका, राजबाला सिंह ने 10 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल तथा 8 दिव्यांगजनों को बैशाखी वितरित की। सहायक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शाहबाद, खंड विकास अधिकारी शाहबाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में विकासखंड स्वार में विधायक स्वार विधानसभा क्षेत्र, शफीक अहमद अंसारी ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने 10 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 2 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर तथा 10 जोड़ी बैशाखी प्रदान कीं। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी स्वार, ब्लॉक प्रमुख स्वार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कुल 20 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 2 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर तथा 18 जोड़ी बैशाखी वितरित की गईं। सहायक उपकरणों के वितरण का उद्देश्य दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आवागमन एवं अन्य आवश्यक कार्यों में सुविधा प्रदान करते हुए उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतिभा पाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
