एसपी दीपक सहारन स्वयं खेल मैदानों में उतरकर युवाओं को दे रहे है संदेश: नशा छोड़ो, खेलों से नाता जोड़ो
खेल स्टेडियमों में पहुंचकर एसपी ने खिलाड़ियों को किया जागरूक, कहा- खेलों में लगाएं ऊर्जा, नशे से बनाएं दूरी ।
ऐलनाबाद ,सिरसा 9 जून ( एम पी भार्गव ): शहर की ग्लोबल स्ट्राइकर क्रिकेट एकेडमी में बीती शाम पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने युवाओं के साथ क्रिकेट खेलते हुए सीधे संवाद के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के बारे में उन्हें जागरूक किया । एसपी साहब ने युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया कि नशा किसी भी व्यक्ति के जीवन को बर्बादी की ओर ले जाता है, जबकि खेल व्यक्ति को सम्मान, नई पहचान और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करता है। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को खेलों, शिक्षा और रचनात्मक कार्यों में लगाएं तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई से हमेशा दूर रहें। उन्होंने युवाओं को समझाया कि नशा सिर्फ शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि मानसिक संतुलन, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है। “नशे की लत युवाओं के सपनों को तोड़ देती है और उन्हें गलत राह पर ले जाती है।
इसके विपरीत खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए बेहद जरूरी हैं,” उन्होंने कहा। इस दौरान एसपी साहब ने खिलाड़ियों के साथ खुलकर बातचीत की और उन्हें नशे के विभिन्न रूपों तथा उनके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में है तो पुलिस एवं जिला प्रशासन के सहयोग से उसे उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। “हम ऐसे युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हरसंभव मदद कर रहे हैं। कोई भी युवक नशे की लत का शिकार हो, तो उसे शर्माने या छिपाने की जरूरत नहीं है, मदद उपलब्ध है,” एसपी साहब ने ने युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए खेल और शिक्षा को अपना मजबूत आधार बनाएं। उन्होंने युवाओं से यह भी कहा कि वे अपने मित्रों और साथियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा वर्ग समाज को नशामुक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है और इसके लिए हर युवा को जागरूक प्रहरी बनना होगा। सिरसा पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जनजागरण कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए एसपी साहारन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपके आस-पास नशा बेचता है या नशे के कारोबार में शामिल है, तो उसकी जानकारी पुलिस को दें। पुलिस इस मामले में समय रहते कड़ी कार्रवाई करेगी और सूचना देने वाले का नाम पूर्ण रूप से गुप्त रखा जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर उन्हें खेलों और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से सिरसा पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल युवाओं में नशे के प्रति सचेतना पैदा करते हैं, बल्कि उन्हें स्वस्थ, सशक्त और समाज के लिए योगदान देने वाले नागरिक बनने की दिशा में मार्गदर्शन भी करते हैं। इस अवसर पर एसपी साहब ने भी उपस्थित युवाओं को संबोधित किया और उन्हें संदेश दिया कि खेलों और शिक्षा में सफलता पाने के लिए नशा जीवन का सबसे बड़ा बाधक है। सिरसा पुलिस का यह अभियान नशा मुक्त समाज की ओर एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।
