Snatching: दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला की दुकान पर झपटमारी, बीड़ी-बिस्किट लेने के बहाने आए युवक सोने की बाली छीनकर फरार

Snatching From An Elderly Woma (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद शहर के वार्ड नंबर 11 में गुरुवार को दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। विधायक भागीराम वाली गली में परचून की दुकान चलाने वाली 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला कस्तूरी देवी को दो युवकों ने निशाना बनाया। बीड़ी-बिस्किट खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे एक युवक ने मौका पाकर महिला के कान से सोने की बाली छीन ली और अपने साथी के साथ स्कूटी से फरार होने लगा। हालांकि, स्थानीय लोगों के पीछा करने पर दोनों आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग गए।

Snatching: सामान मांगने के बहाने दुकान में घुसा युवक

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे दो युवक स्कूटी पर सवार होकर कस्तूरी देवी की दुकान के पास पहुंचे। इनमें से एक युवक स्कूटी से उतरकर दुकान पर आया और बीड़ी-बिस्किट मांगने लगा। महिला सामान देने के लिए मुड़ी ही थी कि युवक ने अचानक उनके कान पर झपट्टा मारकर करीब 3 ग्राम वजन की सोने की बाली छीन ली।

Chhath Mahotsav: 33वें विशाल छठ महोत्सव की तैयारियां तेज, 13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय आयोजन

Snatching: बुजुर्ग महिला ने दिखाई हिम्मत, बदमाश ने दिया धक्का

बाली छीनकर भाग रहे युवक को बुजुर्ग महिला ने पकड़ने की कोशिश की। उन्होंने युवक का हाथ पकड़कर बाली वापस लेने का प्रयास किया और शोर मचाया। लेकिन आरोपी ने महिला को धक्का दे दिया और दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी पर अपने साथी के साथ बैठकर हरपाल सिंह की ओर भाग निकला।

Snatching: पीछा करने पर स्कूटी छोड़कर गलियों में भागे आरोपी

महिला की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दोनों युवकों का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख बदमाश घबरा गए और करीब 300 मीटर दूर उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद दोनों युवक स्कूटी छोड़कर पैदल ही गलियों में भाग गए।

Snatching: पुलिस ने स्कूटी कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी को कब्जे में ले लिया और बुजुर्ग महिला से घटना की जानकारी हासिल की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस के अनुसार, स्कूटी के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।

Snatching: दिनदहाड़े वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद वार्ड के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से महिलाओं और दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध युवकों पर नजर रखने की मांग की है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.