सिरसा: टेलीग्राम ऐप के जरिए 16.90 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, आरोपी अमृतसर से गिरफ्तार

सिरसा साइबर थाना पुलिस की बड़ी सफलता

  • रिपोर्ट: एम पी भार्गव

ऐलनाबाद, सिरसा : जिला सिरसा की साइबर थाना पुलिस ने 16 लाख 90 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी के एक मामले को सुलझाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अमृतसर (पंजाब) से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो टेलीग्राम ऐप के जरिए लोगों को झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

ठगी का शिकार हुआ घोड़ावाली गांव का निवासी
पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि घोड़ावाली गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि किसी अज्ञात कॉलर ने उसे ग्लोबल ई-कंपनी का प्रतिनिधि बताकर टेलीग्राम ऐप के ज़रिए घर बैठे लाखों कमाने का लालच दिया। उसे एक लिंक भेजकर टास्क पूरे करने के बहाने पैसे जमा करवाए गए।

शुरुआती लाभ ने बढ़ाया विश्वास, फिर गंवाए लाखों रुपए
पीड़ित ने लालच में आकर टास्क पूरे करने शुरू कर दिए। कुछ रिटर्न भी मिले जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। धीरे-धीरे उसने 16.90 लाख रुपये “इन्वेस्ट” कर दिए। जब पैसे वापस निकालने की कोशिश की गई तो टेलीग्राम लिंक बंद हो चुका था और ठगी का अहसास हुआ।

जसकरण सिंह गिरफ्तार, कई अहम सबूत बरामद
मामले की जांच में जुटी साइबर पुलिस टीम ने आरोपी जसकरण सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी जेठूवाला (अमृतसर, पंजाब) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक लाख रुपये नकद, 5 एटीएम स्वैपिंग मशीन, 4 एटीएम कार्ड और एक चेक बुक बरामद की है।

अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह से है संपर्क
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका संपर्क चीन, कंबोडिया और दुबई जैसे देशों में बैठे साइबर अपराधियों से है। वह भारत के नागरिकों की बैंक जानकारी इन गिरोहों को देकर कमीशन लेता था।

एसपी की अपील – सतर्क रहें, गोपनीय जानकारी साझा न करें
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन ऑफर या ऐप के झांसे में न आएं और अपनी बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई साइबर अपराध होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.