- रिपोर्ट- विनोद मित्तल
हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-3 इलाके में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात युवकों ने शराब के आहते के मैनेजर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने आहता मैनेजर आदेश के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहस के बाद बढ़ा विवाद
मृतक के भाई के मुताबिक, वह अपने भाई को घर ले जाने के लिए आहते पर पहुंचा था। उसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान आदेश को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही, साक्ष्य जुटाकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
