गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: चार पहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, शातिर सदस्य गिरफ्तार

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की स्वॉट टीम और अपराध शाखा ने चार पहिया वाहनों की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के एक शातिर सक्रिय सदस्य सद्दीक को थाना मोदीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक स्कॉर्पियो कार बरामद हुई है।
यह कार्रवाई 14 अप्रैल 2026 को पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने इस गिरोह का खुलासा किया, जो गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था।
पूछताछ में आरोपी सद्दीक ने खुलासा किया कि यह गिरोह पिछले काफी समय से चार पहिया वाहनों की चोरी कर उन्हें अलग-अलग राज्यों में बेचने का काम कर रहा था। चोरी की गई गाड़ियों के चेसिस और इंजन नंबर बदल दिए जाते थे, जिससे उनकी पहचान छिपाई जा सके। इसके बाद वाहनों को राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
गिरोह के अन्य सदस्य मेरठ और दिल्ली के निवासी बताए गए हैं, जो मिलकर इस अपराध को अंजाम देते थे। आरोपी ने यह भी बताया कि गिरोह ने वर्ष 2020 से अब तक करीब 50-60 गाड़ियों की चोरी कर उनकी डिलीवरी की है।
पुलिस द्वारा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.