रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार जनपद में अवैध एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
यात्रीकर अधिकारी होरी लाल वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः की गई चेकिंग के दौरान खनन सामग्री से लदा एक ओवरलोड डंपर संचालित पाया गया, जिसे कार्रवाई करते हुए अजीतपुर पुलिस चौकी, थाना सिविल लाइंस में बंद कराया गया।

अभियान के दौरान रोडवेज बस अड्डे के निकट बिना वैध अनुमति संचालित एक बस को भी पकड़ा गया। इसके अलावा 3 अर्टिगा कारें रोडवेज बस अड्डे के पास अवैध रूप से सवारियां भरकर संचालित होती मिलीं, जिन्हें भी जब्त कर रोडवेज बस अड्डा ग्राउंड में खड़ा कराया गया।
यात्रीकर अधिकारी ने बताया कि इन सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा उनसे लगभग 2.50 लाख रुपये प्रशमन शुल्क प्राप्त होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि जनपद में ओवरलोडिंग, अवैध यात्री परिवहन एवं नियमों के विपरीत वाहन संचालन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन संचालकों से यातायात एवं परिवहन संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
