मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न

शिक्षा की गुणवत्ता एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर मुख्य विकास अधिकारी के सख्त निर्देश

रामपुर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) के अंतर्गत ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन, पीएम योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, लर्निंग आउटकम एवं फैसिलिटी, समग्र शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता तथा मध्याह्न भोजन योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में नामांकित प्रत्येक छात्र-छात्रा की फैमिली आईडी अनिवार्य रूप से बनवाई जाए तथा इस कार्य में तेजी लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए।

उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एडीओ पंचायतों को जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत अंत्योदय कार्डधारकों का सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, अपात्र कार्डधारकों के कार्ड निरस्त करने तथा नए पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए सफाई कर्मियों की व्यवस्था की जाए तथा विद्यालय परिसर एवं शौचालयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत अब तक 1,50,290 बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 1,28,858 अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है, जबकि 4,344 अभिभावकों के बैंक खाते फीड न होने के कारण धनराशि का भुगतान लंबित है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी पात्र अभिभावकों के खातों में शीघ्र धनराशि हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में सोलर सिस्टम, बैटरी एवं मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने नगर पालिका बिलासपुर एवं नगर पालिका परिषद, रामपुर को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के अंतर्गत इस वर्ष विभिन्न विद्यालयों में 1,932 बच्चों का प्रवेश कराया गया है।

बैठक में जिला विकास अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी नाथूलाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र जायसवाल, शिक्षा विभाग के अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी तथा एडीओ पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.