Road Issues: मिर्जापुर के तेंदुआ खुर्द में बारिश से सड़क बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुआ संपर्क मार्ग

स्कूली बच्चों और व्यापारियों की बढ़ी मुश्किलें, प्रधान समेत ग्रामीणों ने की सड़क मरम्मत की मांग; सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

Tendua Khurd Road Issues: मिर्जापुर के विकास खंड लालगंज के तेंदुआ खुर्द गांव में बारिश ने मुख्य संपर्क मार्ग की हालत बदतर कर दी है। भारी बारिश के बाद सड़क जगह-जगह टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों से लेकर छोटे-बड़े व्यापारियों तक को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के पानी के साथ सड़क की गिट्टियां और मिट्टी बह गई हैं। अब सड़क पर कीचड़ और गहरे गड्ढे होने के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। उन्हें प्रतिदिन इसी जर्जर रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी जाते हैं।

Trump Rally: ट्रंप ने अब्दुल अल-सईद को बताया ‘जिहादी’, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले बढ़ा राजनीतिक विवाद

Road Issues: मालवाहक वाहन फंसने से व्यापार प्रभावित

सड़क की बदहाली का असर गांव के कारोबार पर भी पड़ रहा है। छोटे-बड़े व्यापारियों का कहना है कि माल लेकर आने वाले छोटे वाहन सड़क के गड्ढों में फंस जाते हैं। इससे सामान की आवाजाही प्रभावित होती है और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहनों के गुजरने से कच्ची सड़क और अधिक टूटकर धंस जाती है।

Road Issues: शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इस संबंध में राजेश वर्मा, राजकुमार वर्मा, ग्राम प्रधान शिव कुमार यादव, अवधेश कुमार, उमेश कोल समेत दर्जनों ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जनहित को देखते हुए जल्द सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.