Rampur crop damage relief: आपदा प्रभावित 3,172 किसानों के लिए 1.65 करोड़ रुपये से अधिक की राहत सहायता स्वीकृत
कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख और शहर विधायक आकाश सक्सेना ने विकास भवन में किसानों को वितरित किए राहत सहायता के चेक
Rampur crop damage relief: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर बाढ़, अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति का सामना करने वाले किसानों को राहत पहुंचाने के क्रम में जनपद रामपुर के 3,172 प्रभावित कृषकों के लिए कुल 1 करोड़ 65 लाख 70 हजार 844 रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता स्वीकृत की गई है। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख एवं शहर विधायक आकाश सक्सेना ने मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर प्रभावित किसानों को राहत सहायता के चेक वितरित किए गए।
प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा गोरखपुर से बाढ़, अतिवृष्टि एवं चक्रवात के कारण फसल क्षति से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान की राहत राशि हस्तांतरित किए जाने के क्रम में जनपद रामपुर में भी प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील स्तर से प्राप्त क्षति संबंधी विवरणों का सत्यापन कराते हुए पात्र किसानों को राहत सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
Crop damage relief: छह तहसीलों के प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत
जनपद की सभी तहसीलों से प्राप्त एवं सत्यापित आंकड़ों के अनुसार, कुल 3,172 प्रभावित किसानों के लिए 1,65,70,844 रुपये की राहत सहायता स्वीकृत की गई है। तहसीलवार लाभार्थियों का विवरण इस प्रकार है—
– सदर तहसील: 778 किसान
– स्वार तहसील: 11 किसान
– टांडा तहसील: 175 किसान
– मिलक तहसील: 1,147 किसान
– बिलासपुर तहसील: 516 किसान
– शाहबाद तहसील: 545 किसान

इस सहायता से प्राकृतिक आपदा के कारण फसल क्षति झेलने वाले किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और उन्हें आगामी कृषि गतिविधियों के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी।
Crop damage relief: फसल क्षति का शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा दिलाएं
कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने तीन दिन पूर्व हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कराने और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने फसल बीमा कंपनियों को निर्देशित किया कि किसानों के फसल बीमा से संबंधित लंबित दावों का नियमानुसार जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करें। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फसल क्षति से संबंधित मामलों पर नियमित रूप से नजर रखते हुए राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं तथा पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि किसानों को समय से राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
Crop damage relief: किसानों के साथ खड़ी है सरकार
कार्यक्रम में शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। किसानों की फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली क्षति को गंभीरता से लेते हुए उन्हें नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का पूरा आकलन होने के बाद पात्र किसानों को यथाशीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें आर्थिक कठिनाइयों से उबरने में सहायता मिल सके। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वि./रा. आनंद कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक रामकिशन सिंह, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा सहित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

