Rampur Census Training: द्वितीय चरण के फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे बैच का प्रशिक्षण शुरू
मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के दिए निर्देश
Rampur Census Training: संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में जनगणना-2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण के दूसरे बैच के फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी गुलाब चन्द्र ने किया। उन्होंने जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह तथा उपजिलाधिकारी सदर एवं फील्ड ट्रेनर नोडल अधिकारी रत्निका श्रीवास्तव की उपस्थिति में फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और जनगणना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं एवं बारीकियों को भली-भांति समझें। उन्होंने कहा कि प्रश्नावली को भरने का पर्याप्त अभ्यास करें तथा प्रशिक्षण के दौरान अपनी प्रत्येक शंका का समाधान अवश्य कर लें, ताकि आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित किया जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा नामित जिला जनगणना प्रभारी मो. इल्याज, जनगणना सहायक मो. यासीन, मास्टर ट्रेनर अंकुर शुक्ला, मनोज कुमार निमेष उपस्थित रहे।
Rampur Census Training: चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स द्वारा तहसील एवं नगर निकाय स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रगणक 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक घर-घर जाकर आवंटित गणना ब्लॉक के प्रत्येक परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से 40 प्रश्नों की प्रश्नावली में दर्ज करेंगे।

Rampur Census Training: 16 नवंबर से होगी स्वगणना
जनगणना के प्रथम चरण की तरह द्वितीय चरण में भी नागरिकों को वेब पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की स्वगणना करने की सुविधा मिलेगी। स्वगणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक निर्धारित है। इसके बाद 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
Rampur Census Training: 5 से 9 जनवरी तक रिवीजनल राउंड
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 जनवरी से 9 जनवरी, 2027 तक रिवीजनल राउंड आयोजित किया जाएगा। वहीं, 4 जनवरी, 2027 की शाम के बाद रात्रि में बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी।

[…] यह भी पढ़ें- Rampur Census Training: द्वितीय चरण के फील्ड ट्रेनर्… […]