Pandit Shyam Narayan Mishra: पं. श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ की प्रथम पुण्यतिथि पर संगोष्ठी और कवि सम्मेलन, साहित्यकारों ने दी श्रद्धांजलि
Pandit Shyam Narayan Mishra ‘Shyam’: जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार एवं अधिवक्ता पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ की प्रथम पुण्यतिथि पर सृजना साहित्यिक संस्था उत्तर प्रदेश की ओर से संगोष्ठी एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जयन्ती नगर, बाबागंज स्थित श्याम भवन में आयोजित कार्यक्रम में साहित्यकारों, कवियों और गणमान्य लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं साहित्यिक योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। कवि सुरेश नारायण दूबे ‘व्योम’ ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
Pandit Shyam Narayan Mishra: सदाचार, नैतिकता और देशभक्ति के मूल्यों को दिया साहित्य में स्थान
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि अनिल प्रताप त्रिपाठी ‘प्रभात’ ने कहा कि पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी थे। उनके साहित्य में सदाचार, नैतिकता, चरित्र निर्माण और देशभक्ति जैसे उच्च जीवन मूल्यों की स्पष्ट अभिव्यक्ति मिलती है। उनके शिष्य और अनुयायी उनकी शिक्षाओं एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Pandit Shyam Narayan Mishra: भाषा, भाव और शैली की दृष्टि से उच्च कोटि का था साहित्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व बाल न्यायाधीश डॉ. दयाराम मौर्य ‘रत्न’ ने कहा कि पंडित श्याम नारायण मिश्र का साहित्य भाषा, भाव और शैली की दृष्टि से उच्च कोटि का है। उन्होंने अपनी रचनाओं में मानवीय संवेदनाओं और जीवन के विभिन्न पक्षों के दर्द को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वे अलंकार, रस और छंद के मर्मज्ञ थे। साहित्यकारों को उनकी रचनात्मक परंपरा से प्रेरणा लेनी चाहिए।
Pandit Shyam Narayan Mishra: पुत्र ने काव्य पंक्तियों के जरिए ताजा कीं पिता की यादें
इस अवसर पर दिवंगत साहित्यकार के सुपुत्र रुद्र नारायण मिश्र ने अपने पिता की काव्य रचनाओं का सस्वर पाठ किया। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि उनके पिता किसान, मजदूर और देश के सैनिकों के प्रति बेहद संवेदनशील थे। उन्होंने कहा कि पिता के जीवित रहते हमेशा स्वयं को बच्चा महसूस करते थे, लेकिन उनके निधन के बाद पहली बार जीवन की जिम्मेदारियों का वास्तविक एहसास हुआ।
Pandit Shyam Narayan Mishra: कवियों ने अपनी रचनाओं से अर्पित की श्रद्धांजलि
पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ को याद किया।
कथाकार एवं कवि प्रेम कुमार त्रिपाठी ‘प्रेम’ ने अपनी कविता ‘मन करता है पहले लिख दूं अंतिम वाली कविता’ प्रस्तुत की। अमित शुक्ल ने ‘अमित ने अमित को अमित बार देखा’ शीर्षक से अपनी परिचयात्मक कविता सुनाई। डॉ. दयाराम मौर्य ‘रत्न’ ने ‘स्मृतियों में तुम ही तुम हो, तुममें ही स्मृतियां’ के माध्यम से दिवंगत साहित्यकार की यादों को स्वर दिया।
वहीं उदय राज उजड़ड ने ‘जीने की ख्वाहिश है तो मरने की तैयारी रख’ जैसी पंक्तियों के माध्यम से जीवन दर्शन प्रस्तुत किया। सुरेश नारायण दूबे ‘व्योम’ ने अपनी रचना ‘रच दिया चित्र तेरे अनुपम…’ का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे राधेश्याम दीवाना ने ‘एक कवि जी को देखा तो ऐसा लगा’ सुनाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
Pandit Shyam Narayan Mishra: साहित्यकारों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉल्फिन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अनिल त्रिपाठी उपस्थित रहे। इस दौरान महावीर त्रिपाठी, अरविंद मिश्र, अमरनाथ ‘बेजोड़’, राम निरंजन शुक्ल, माधव प्रसाद यादव सहित अनेक साहित्यकार और कवि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन साहित्यिक प्रस्तुतियों और भावपूर्ण श्रद्धांजलि के साथ हुआ।
